देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 232 हो गई है। 24 घंटे के अंदर 34 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नवी मुंबई में सबसे ज्यादा नौ मरीजों की मौत हुई। पुणे में कल रात 12 बजे से आज शाम 6 बजे तक सात संक्रमितों ने जान गंवाई। इसके अलावा मालेगांव और रत्नागिरी में एक-एक मौतें हुईं। अब तक पूरे महाराष्ट्र में 98 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। मध्यप्रदेश में गुरुवार को तीन संक्रमितों की मौत हुई। यहां इंदौर में 62 साल के डॉक्टर और 44 साल के मरीज की जान चली गई। देवास में 52 साल के पत्रकार ने दम तोड़ दिया। राज्य में मौत का आंकड़ा 33 पर पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली में भी गुरुवार को तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा पंजाब में दो, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, हरियाणा और झारखंड में भी एक-एक मौत हुई। देर रात जयपुर के रामगंज में कोरोना संक्रमित 65 वर्षीय महिला की मौत हुई। बुधवार को देश में 27 संक्रमितों की मौत हुई थी। ये आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 169 मौतों की पुष्टि की है।
गुरुवार को हुई मौतें
जम्मू-कश्मीर: जम्मू में 69 साल की महिला की जान चली गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वह उधमपुर जिले की रहने वाली थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने की शिकायत थी।
पंजाब: पंजाब में दो की मौत हुई है। रोपड़ के रहने वाले 55 साल के मरीज ने बुधवार देर रात चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। इन्हें डायबिटीज की शिकायत थी। वहीं, दूसरी मौत गुरुवार सुबह जालंधर में 59 साल के व्यक्ति की हुई है। बुधवार शाम को ही इनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पंजाब में अब तक संक्रमण से 10 लोगों की जान जा चुकी है।
झारखंड: आज कोरोना से पहली मौत दर्ज की गई। बोकारो के साडम में 75 साल के मरीज की जान चली गई। प्रशासन बुजुर्ग की ट्रैवल हिस्ट्री पता करने की कोशिश कर रही है।
राजस्थान : जयपुर के रामगंज में 65 साल की महिला की मौत हुई। जोधपुर में 77 साल के एक कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया है। बुजुर्ग की बुधवार देर रात मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिली रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र: बीएमसी के मुताबिक नवी मुंबई में गुरुवार को 9 संक्रमितों की मौत हुई। इसमें एक धारावी झुग्गी में रहने वाली 70 साल की महिला भी शामिल है। इसके अलावा पुणे महानगरपालिका के कमिश्नर शेखर गायकवाड़ ने सात मरीजों की मौत की पुष्टि की। जबकि कल 10 मौतों की जानकारी दी थी। हालांकि राज्य सरकार ने कल पुणे में सिर्फ दो मौतों का जिक्र किया था। आज पुणे में14 मौतों का जिक्र है जिसमें आठ कल की हैं। इसी तरह आज की 7 में से सिर्फ 6 मौतौं का जिक्र है राज्य सरकार ने किया है।
हरियाणा : यहां 24 घंटे के अंदर एक मौत हुई है। अब तक प्रदेश में तीन मरीजों की जान जा चुकी है।
मध्य प्रदेश : गुरुवार को यहां इंदौर में दो और देवास में एक मौत हुई। इसके पहले बुधवार को भी तीन मरीजों की मौत हुई थी। गुरुवार को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इस तरह से प्रदेश में अब तक 33 संक्रमितों की जान जा चुकी है।
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
राज्य | मौतें |
महाराष्ट्र | 98 |
मध्यप्रदेश | 33 |
गुजरात | 16 |
तेलंगाना | 12 |
पंजाब | 10 |
दिल्ली | 12 |
तमिलनाडु | 08 |
पश्चिम बंगाल | 07 |
राजस्थान | 08 |
कर्नाटक | 05 |
आंध्र प्रदेश | 04 |
उत्तर प्रदेश | 04 |
जम्मू-कश्मीर | 04 |
हिमाचल | 02 |
हरियाणा | 03 |
केरल | 02 |
बिहार | 01 |
चंडीगढ़ | 01 |
झारखंड | 01 |
ओडिशा | 01 |
कुल | 232 |