स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। बन्ना गुप्ता ने इन आरोपों से संबंधित एक पत्र पूर्वी सिंहभूम के डीसी को भेजते हुए टाटा स्टील से इन आरोपों पर स्पष्टीकरण पूछने को कहा है। सोमवार को लिखे इस पत्र में बन्ना गुप्ता ने 13 बिंदुओं को उठाया है। इन अाराेपाें पर डीसी से सात दिनों के अंदर कार्रवाई की रिपाेर्ट भी मांगी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा है कि टाटा स्टील म्यूटेशन ऑफ लैंड के तहत शुल्क प्राप्त कर रहा है। क्या कंपनी इसके लिए अधिकृत है। यदि हां तो किस कानून के तहत। क्या यह पैसा झारखंड सरकार को मिल रहा रहा है। जमा किए पैसे का पूर्ण विवरण दें। यदि गलत हो रहा है, तो पैसा सूद समेत आम लोगों को लौटाया जाए। टाटा स्टील किसी भी भवन निर्माण के लिए आवेदक को अपने लैंड डिपार्टमेंट से नक्शा पास करने के लिए बाध्य करती है। अधिसूचित क्षेत्र द्वारा पारित नक्शे को अवैध बता बिजली-पानी का कनेक्शन नहीं देती।
टाटा लीज समझौते का उल्लंघन
टाटा स्टील ने अपने लैंड रिकॉर्ड में सेवाभाव के उद्देश्य को दरकिनार करते हुए भूमि की प्रकृति बदल वाणिज्यिक उपयोग किया है। लाफार्ज, टिनप्लेट, कार्मेल काॅलेज व मेडिका को जमीन देने में लीज एग्रीमेंट का उल्लंघन किया गया है।
बिना अनुमति के जमीन में डाला स्लैग
सोनारी के दोमुहानी के पास 20 एकड़ जंगल-झाड़ दर्ज भूमि पर बिना केंद्र की अनुमति के स्लैग डाला जा रहा है। गलत ढंग से चहारदीवारी की जा रही है। एेसी एक नहीं 20 जमीनें हैं। इसकी जांच करें।
टीएमएच के मरीजों को आयुष्मान योजना से वंचित रखा गया
टीएमएच में भर्ती होने वाले मरीजों को आयुष्मान योजना से वंचित रखने का क्या कारण है। टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रकचर लि. जिसका कार्यक्षेत्र जमशेदपुर के साथ-साथ सरायकेला भी है, लेकिन झारखंड विद्युत नियामक आयोग के नियमों का पालन नहीं कर जुसको द्वारा जमशेदपुर में विद्युत संयोजन के लिए टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट से एनओसी मांग किया जाता है, जो नियामक आयोग के शर्तों का उल्लंघन है।
सीएसआर पर खर्च का दें ब्याेरा
टाटा स्टील ने सीएसआर के तहत कितनी राशि खर्च की उसका वर्षवार ब्याेरा दें। वर्ष 2019 में बीमा किया गया था। 25 करोड़ की राशि आईसीआईसीआई लोंबार्ड के साथ तय की गई, उसका आधार क्या था?
निजी संचालकों को दे दिया स्कूल
टाटा स्टील द्वारा नियंत्रित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को व्यवसायिक उपयोग के लिए निजी संचालकों को दे दिया गया है। जिससे विद्यालयों का मूल उदेश्य ही बदल गया।
स्कूल-काॅलेजों का नहीं किया गया स्थानांतरित
आरोप है कि टाटा स्टील को 10 एमटी उत्पादन क्षमता वृद्धि के लिए एल टाउन गेट, साकची के आसपास तथा सभी संस्थानों को स्थानांतरण करना था। लेकिन करीम सिटी काॅलेज, सिंहभूम होम्योपैथिक काॅलेज, जमशेदपुर ग्रेजुएट काॅलेज एवं धार्मिक संरचना को स्थानांतरित नहीं किया गया।
एक की जांच पूरी, अन्य मामले में टाटा स्टील को शोकॉज नोटिस
पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक लाफार्ज (नुवोको) सीमेंट व कारमेर जूनियर कॉलेज जमीन मामले की जांच चल रही है। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट डीसी को सौप दी है। जांच टीम ने माना है कि कांतिलाल गांधी मेमोरियल ट्रस्ट को आवंटित जमीन मेडिका हॉस्पिटल को लीज की शर्तों का उल्लघंन कर हस्तांतरित कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री से सीधी बातचीत....
Q. टाटा स्टील के पुराने अाराेपाें पर जांच का आदेश दिया है?
A. टाटा स्टील जमीन की प्रकृति बदल कर व्यावसायिक उपयोग कर रही है। यह लीज समझौते का उल्लंघन है। जेएन टाटा का सपना तोड़ा जाएगा तो हम आवाज उठाएंगे।
Q. जनप्रतिनिधि के तौर पर पहले कभी आवाज क्यों नहीं उठाई?
A. देखिए, हम हारे हुए विधायक थे, उस वक्त मेरी आवाज शायद नहीं सुनी जाती। अब मेरा यह दायित्व बनता है।
Q. कहीं ये जांच टाटा स्टील काे ब्लैकमेल करने के लिए ताे नहीं है?
A. हमने जो सवाल टाटा स्टील पर उठाया है वह जायज है। बन्ना गुप्ता ब्लैकमेल नहीं करता।
Q. जांच ठंडे बस्ते में ताे नहीं जाएगी?
A. एेसा नहीं होगा। मेरे काम करने का तरीका बिलकुल अलग है। हम तो चाहते हैं कि कंपनी व्यवसाय छोड़कर जनता को लाभ दे।